उज्जैन (बड़नगर) मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के बड़नगर में स्थित प्रसिद्ध श्री बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में इस बार श्रद्धा का अनोखा और भव्य दृश्य देखने को मिला है। मंदिर का विशेष श्रृंगार 1 करोड़ 31 लाख रुपए के नोटों से किया गया है, जिसने दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अद्भुत सजावट को तैयार करने के लिए सात कुशल कलाकारों की टीम ने लगातार तीन दिन तक मेहनत की और नोटों से मुकुट, हार और आकर्षक लड़ियों का निर्माण कर महादेव का दिव्य स्वरूप सजाया। पिछले पांच वर्षों से चली आ रही इस अनोखी परंपरा में इस बार सबसे अधिक राशि का उपयोग किया गया है, जिससे भव्यता और भी बढ़ गई है।
नोटों से सजे भगवान बुद्धेश्वर महादेव के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। पूरा क्षेत्र भक्ति और उत्साह के माहौल में डूबा हुआ है। हर साल महाशिवरात्रि के बाद यहां मेला आयोजित होता है और इस वर्ष 14 से 28 फरवरी तक यह आयोजन किया जाएगा। श्रद्धा, परंपरा और भव्यता का यह संगम इन दिनों बड़नगर में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

