मां की डांट से घर छोड़ गया 11 साल का मासूम, पुलिस ने खोजकर परिवार को सौंपा

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर माता-पिता को सोचने पर मजबूर कर दिया है। यहां मां की डांट से नाराज होकर 11 साल का एक बच्चा घर छोड़कर चला गया। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और देर रात तक तलाश के बाद बच्चे को सुरक्षित ढूंढ निकाला।

जानकारी के मुताबिक, सिरोल थाना क्षेत्र में रहने वाले 11 वर्षीय वंश को उसकी मां ने स्कूल न जाने पर डांट दिया था। इसी बात से नाराज होकर वह बिना कुछ बताए घर से निकल गया। मां ने काफी तलाश की, लेकिन जब वह नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई।

गुमशुदगी की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में ऑपरेशन मुस्कान के तहत सर्चिंग शुरू की गई। रेलवे स्टेशन, होटल और बस स्टैंड समेत कई जगहों पर तलाश की गई। आखिरकार सचिन तेंदुलकर मार्ग स्थित गोल्डन लोटस रिजॉर्ट के पास बच्चा भूखा-प्यासा हालत में मिला।

पूछताछ में बच्चे ने बताया कि वह मां की फटकार से नाराज होकर घर से गया था। सिरोल थाना प्रभारी गोविंद बल्लभ बगोली ने बच्चे को खाना खिलाया और फिर सुरक्षित उसके घर पहुंचाया, जहां उसे मां और परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि बच्चों की भावनाएं बेहद नाजुक होती हैं और छोटी सी बात भी उनके मन पर गहरा असर डाल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *