राजधानी में कड़ाके की ठंड से बुजुर्ग की मौत! इलाज के लिए पहुंचा था अस्पताल, गेट के सामने कई घंटे तक पड़ा रहा शव

भोपाल। मध्य प्रदेश में इस बार ठंड ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। नवंबर और दिसंबर के बाद नए साल जनवरी 2026 में भी सर्दी का प्रकोप जारी है। इसी बीच राजधानी भोपाल से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां कड़ाके की ठंड के चलते एक बुजुर्ग की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग इलाज कराने के लिए भोपाल के जयप्रकाश अस्पताल पहुंचा था, लेकिन अस्पताल के गेट के सामने ही उसने दम तोड़ दिया। आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक ठंड के कारण उसकी जान चली गई, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

इस घटना ने जयप्रकाश अस्पताल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही को भी उजागर कर दिया है, क्योंकि बुजुर्ग का शव अस्पताल के गेट के पास कई घंटे तक पड़ा रहा और उसे उठाने या संभालने वाला कोई नहीं था। मौके पर मौजूद लोगों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी देखी गई। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

गौरतलब है कि पूरे प्रदेश में इस समय ठंड और कोहरे का कहर जारी है। शहरों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। सर्दी और शीतलहर को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों की छुट्टियां घोषित की गई हैं और प्रशासन लगातार लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *