इंदौर। मध्य प्रदेश के Indore में उस वक्त हड़कंप मच गया जब संभाग आयुक्त कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला, जिसके बाद पूरे प्रशासनिक महकमे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक “saurabh@21” नाम की आईडी से भेजे गए इस ईमेल में दोपहर 2:10 बजे बम विस्फोट और गैस रिसाव जैसी स्थिति पैदा होने की चेतावनी दी गई थी, यह मेल संभाग आयुक्त कार्यालय और श्रम आयुक्त कार्यालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजा गया था।
ईमेल सामने आते ही अधिकारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे भवन को खाली कराकर कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया।
मौके पर पहुंचे एसीपी विनोद दीक्षित ने बताया कि धमकी को गंभीरता से लेते हुए पूरे परिसर की सघन जांच कराई गई, हर कमरे, गलियारे और ऑफिस की तलाशी ली गई, लेकिन कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला।
फिलहाल पुलिस ने इस मामले की जांच साइबर टीम को सौंप दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह ईमेल किसने और कहां से भेजा, शुरुआती जांच में आईडी के फर्जी होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
घटना के बाद कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आसपास के इलाके में निगरानी तेज कर दी गई है, अधिकारियों का कहना है कि भले ही धमकी झूठी निकली हो, लेकिन इसे हल्के में नहीं लिया जा रहा और दोषियों तक पहुंचने के लिए पूरी ताकत लगाई जा रही है।

