टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में शुक्रवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां निर्माणाधीन मकान के खुले सेप्टिक टैंक में गिरकर दो नाबालिग सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा शहर के बीचोंबीच स्थित शिवनगर कॉलोनी में हुआ, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया।
शिवनगर कॉलोनी में किराये से रहने वाले सचिन यादव के दोनों बेटे नरेंद्र उम्र सात साल और आशीष उम्र पांच साल शाम करीब चार बजे मां से खेलने की बात कहकर घर से निकले थे। खेलते-खेलते दोनों बच्चे कॉलोनी में स्थित मुकुंद यादव के निर्माणाधीन मकान के अंदर चले गए, जहां खुले पड़े सेप्टिक टैंक में गिरने से उनकी डूबकर मौत हो गई।
जब देर शाम तक बच्चे घर नहीं लौटे तो मां की चिंता बढ़ गई। पहले बच्चों को आसपास के घरों में तलाशा गया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद कॉलोनी के लोगों ने मिलकर इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। एक कैमरे में दोनों बच्चे निर्माणाधीन मकान के अंदर जाते हुए दिखाई दिए।
तुरंत पड़ोसी जब उस मकान के भीतर पहुंचे तो वहां सेप्टिक टैंक में दोनों मासूमों के शव पानी में उतराते मिले। इसके बाद मोहल्ले में हड़कंप मच गया और घटना की सूचना तत्काल कोतवाली पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बच्चों को सेप्टिक टैंक से बाहर निकलवाकर अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और लोग खुले सेप्टिक टैंक जैसी लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

