नहाते समय नाबालिग का वीडियो बनाने का आरोप, गुस्साए ग्रामीणों ने पटवारी को पीटा

राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिला में एक पटवारी पर नाबालिग छात्रा का नहाते समय वीडियो बनाने का गंभीर आरोप लगा है। घटना खिलचीपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां छात्रा आरोपी पटवारी महेश के घर किराये पर रहकर पढ़ाई कर रही थी। आरोप है कि जब छात्रा बाथरूम में नहाने गई, तब पटवारी ने जाली के जरिए मोबाइल से उसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।

मामले की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने पटवारी को पकड़कर जमकर पीटा, उसके कपड़े फाड़ दिए और घर से घसीटते हुए बाहर निकालकर मारपीट की। इस दौरान का वीडियो भी सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह भीड़ से आरोपी को छुड़ाकर थाने ले गई।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने मोबाइल से वीडियो डिलीट करने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने उसे रिकवर कर लिया है। इस मामले में खिलचीपुर थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती ने जानकारी दी कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की विवेचना कर रही है और इलाके में घटना को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *