बॉलीवुड के अनुभवी एक्टर अनिल कपूर 69 साल के होने के बावजूद जवान दिखते हैं और अब साउथ की फिल्मों में अपनी छाप छोड़ने जा रहे हैं। अनिल कपूर जल्द ही साउथ की एक बड़ी फिल्म में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में उनका साथ साउथ के सुपरस्टार जूनियर एनटीआर भी देंगे।
अनिल कपूर ने खुद इंस्टाग्राम पर अपनी स्टोरी शेयर कर इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने आईएमडीबी की एक फोटो पोस्ट की है जिसमें जूनियर एनटीआर के साथ-साथ अनिल कपूर का भी नाम फिल्म ‘ड्रैगन’ की स्टारकास्ट में शामिल दिखाया गया है।
उन्होंने अपनी स्टोरी में लिखा, ‘एक आ चुकी है और बाकी दो लाइन में हैं।’ इसका मतलब यह है कि अनिल कपूर साल 2026 में साउथ की दो और फिल्मों में भी नजर आ सकते हैं।
फिल्म ‘ड्रैगन’ का निर्देशन प्रशांत नील कर रहे हैं, जिसमें जूनियर एनटीआर मुख्य भूमिका में हैं। इसके अलावा रुक्मिणी वसंत और टोविनो थॉमस भी इस फिल्म में अहम किरदार निभा रहे हैं।
अनिल कपूर का साउथ की इस बड़ी परियोजना में शामिल होना फिल्म प्रेमियों के लिए खास तोहफा साबित होगा।

