अनिल कपूर और राधिका मदान की फिल्म सूबेदार का टीजर रिलीज कर दिया गया है और 69 साल की उम्र में अनिल कपूर के दमदार एक्शन अवतार ने फैंस की एक्साइटमेंट और भी बढ़ा दी है। मेकर्स ने टीजर के साथ फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है, जिसके बाद से सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
फिल्म सूबेदार 5 मार्च को रिलीज होने जा रही है। तुम्हारी सुलु, जलसा और दलदल जैसी फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले सुरेश त्रिवेणी ने इस फिल्म का निर्देशन किया है और इसे विक्रम मल्होत्रा, अनिल कपूर और सुरेश त्रिवेणी ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। फिल्म की कहानी सुरेश त्रिवेणी और प्रज्वल चंद्रशेखर ने लिखी है। सूबेदार 5 मार्च को भारत समेत दुनियाभर के 240 से ज्यादा देशों में प्राइम वीडियो पर हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषा में रिलीज होगी।
टीजर की शुरुआत अनिल कपूर और फैसल मलिक के एक सीन से होती है जहां अनिल कपूर अपने आसपास हो रही घटनाओं से भीतर ही भीतर गुस्से में नजर आते हैं लेकिन खुद पर कंट्रोल करते रहते हैं। जैसे-जैसे टीजर आगे बढ़ता है उनका गुस्सा फूट पड़ता है और वो पूरे एक्शन मोड में दिखाई देते हैं। टीजर देखकर साफ झलकता है कि फिल्म की कहानी बुंदेलखंडी पृष्ठभूमि पर आधारित हो सकती है और अनिल कपूर की आवाज में बुंदेलखंडी डायलॉग भी सुनाई देता है जिसमें वो कहते हैं लाला हमसे न भिड़ियो यानी बेटा हमसे न टकराना।
फिल्म सूबेदार में अनिल कपूर और राधिका मदान के साथ सौरभ शुक्ला, आदित्य रावल, फैसल मलिक और मोना सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो अनिल कपूर को पिछले साल फिल्म वॉर 2 में देखा गया था और अब वो जल्द ही अल्फा, फैमिली बिजनेस और किंग जैसी फिल्मों में भी दिखाई देंगे। इसके अलावा नायक 2 को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं और फैंस अनिल कपूर के अगले बड़े प्रोजेक्ट्स का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

