बालाघाट में एंटी विजन ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई, जबलपुर से पहुंची 12 सदस्यीय टीम ने फर्म के कार्यालय और घर पर मारा छापा

बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट में एंटी विजन ब्यूरो जबलपुर की टीम ने मेसर्स चंद्रकांता वैद्य फर्म पर छापेमार कार्रवाई की है। 12 सदस्यीय टीम ने आंवलाझरी स्थित फर्म के कार्यालय और शहर में स्थित निवास पर एक साथ दबिश दी। शुरुआती जांच में ट्रांजेक्शन समेत अन्य कार्यों में वित्तीय खामियों के संकेत मिले हैं, जिसके बाद दस्तावेजों और ऑनलाइन रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार मेसर्स चंद्रकांता वैद्य फर्म कंस्ट्रक्शन से जुड़ा काम करती है। भवन निर्माण के साथ-साथ ज्वेलर्स की दुकान का भी संचालन किया जा रहा है। फर्म की खरीदी प्रक्रिया में लाखों रुपये की वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आने की बात कही जा रही है। यह कार्रवाई संयुक्त आयुक्त याचना पाठक के निर्देशन में और राज्यकर अधिकारी विवेक सिंह बघेल के नेतृत्व में की गई, जिनकी टीम जबलपुर से विशेष रूप से बालाघाट पहुंची थी।

इस कार्रवाई में स्थानीय विभागीय अधिकारियों को अलग रखा गया। पहले निवास पर जांच की गई और इसके बाद कार्यालय में दस्तावेजों की छानबीन शुरू की गई। माना जा रहा है कि फर्म के वित्तीय लेनदेन में अनियमितताएं सामने आई हैं, हालांकि अभी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।

राज्यकर अधिकारी विवेक सिंह बघेल ने बताया कि चंद्रकांता वैद्य फर्म पर नियमित जांच के तहत दबिश दी गई है। डाटा में कुछ अनियमितताएं पाई गई हैं, जिनसे जुड़े दस्तावेज जब्त कर जबलपुर कार्यालय ले जाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि डाटा का विस्तृत विश्लेषण होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *