भोपाल। भारत के पूर्व राष्ट्रपति और देश के मिसाइल मैन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर आज पूरे देश में उन्हें याद किया जा रहा है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी इस अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि डॉ. कलाम ने भारत को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का सपना देखा था, जिसके लिए उन्होंने अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया।
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा – “महान वैज्ञानिक, पूर्व राष्ट्रपति, भारत रत्न से सम्मानित ‘मिसाइल मैन’ डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन करता हूं। उन्होंने भारत को आत्मनिर्भर तथा सशक्त बनाने का सपना देखा और इस संकल्प की सिद्धि के लिए जीवन समर्पित किया।”
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का जन्म 15 अक्टूबर 1931 को तमिलनाडु के रामेश्वरम में हुआ था। वे न सिर्फ एक महान वैज्ञानिक थे, बल्कि करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत भी बने। उनके योगदान और विचारों को सम्मान देने के लिए हर साल उनकी जयंती ‘विश्व छात्र दिवस’ के रूप में मनाई जाती है।

