भोपाल। राजधानी भोपाल में मकर संक्रांति का पर्व पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस मौके पर भोपाल मध्य विधानसभा से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने प्रेम, भाईचारे और एकता का खास पैगाम दिया। विधायक आरिफ मसूद ने समर्थकों और आम लोगों के साथ मिलकर पतंगबाजी की, लेकिन इस आयोजन की सबसे खास बात वह पतंग रही, जिस पर लिखा था ‘मजहब नहीं सिखाता आपस में बैर रखना’। इस संदेश के जरिए उन्होंने समाज में सौहार्द और आपसी प्रेम को मजबूत करने की अपील की।
मकर संक्रांति के अवसर पर आरिफ मसूद ने लोगों को तिल-गुड़ के लड्डू खिलाए और सभी को पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हमारा देश हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक रहा है, जहां हर धर्म और मजहब के त्योहार मिल-जुलकर मनाए जाते हैं। कुछ लोग समाज को बांटने की कोशिश करते हैं, लेकिन हम सब एक हैं और साथ रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मकर संक्रांति के दिन विधानसभा क्षेत्र की श्रद्धालु बहनें सलकनपुर दर्शन के लिए जा रही हैं और देश व प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की जाएगी।
इस आयोजन के दौरान कांग्रेस समर्थकों ने आम जनता को पतंगें भी वितरित कीं, ताकि हर कोई त्योहार का आनंद ले सके। भोपाल में जगह-जगह लोग परिवार और दोस्तों के साथ पतंगबाजी कर रहे हैं, तिल-गुड़ और खिचड़ी का स्वाद ले रहे हैं। मकर संक्रांति का यह पर्व न सिर्फ फसल और सूर्य उपासना का प्रतीक है, बल्कि आपसी प्रेम, एकता और सौहार्द का भी संदेश देता है।

