सत्ता का घमंड! बीजेपी मंडल अध्यक्ष ने महिला को बेरहमी से पीटा, थप्पड़ों की बारिश का वीडियो वायरल

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के नागौद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बीजेपी मंडल अध्यक्ष पुलकित टंडन पर एक महिला के साथ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगा है। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलकित टंडन महिला पर लगातार थप्पड़ बरसाते नजर आ रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक यह घटना देर रात की बताई जा रही है, जब आरोपी कथित तौर पर पीड़िता के परिसर में घुस गया। वायरल फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि लोहे की सरियों से भरे एक गोदाम जैसे स्थान पर महिला के साथ अभद्रता की जा रही है। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीजेपी नेता ने पहले गाली-गलौज की और फिर बेरहमी से मारपीट करते हुए काफी देर तक उसे प्रताड़ित किया।

महिला का आरोप है कि आरोपी अपने राजनीतिक पद और रसूख की धौंस दिखाकर उसे लंबे समय से परेशान कर रहा था। घटना के बाद डरी-सहमी पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर नागौद थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। वीडियो वायरल होते ही इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय राजनीति भी गरमा गई। लोगों के बीच यह सवाल उठने लगा है कि महिलाओं के सम्मान की बात करने वाले नेता सत्ता के नशे में कानून को खुलेआम चुनौती दे रहे हैं।

फिलहाल नागौद थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और पीड़िता के बयान के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस घटना को लेकर कांग्रेस ने भी बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि मध्य प्रदेश में बीजेपी का जंगलराज चरम पर है। कांग्रेस का आरोप है कि वीडियो में साफ दिख रहा है कि बीजेपी मंडल अध्यक्ष एक महिला को दौड़ा-दौड़ाकर पीट रहा है और महिला सरियों के ढेर पर गिरने के बाद भी मारपीट जारी रहती है।

पीड़िता का यह भी आरोप है कि घटना के बाद पुलकित टंडन ने उसे और उसकी बेटी को धमकी दी कि मामला रफा-दफा कर लो, क्योंकि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी खुद को मुख्यमंत्री और बड़े नेताओं का करीबी बताकर डराता है। घटना के बाद लोगों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *