SIR की ड्राफ्ट सूची जारी होते ही CM योगी सख्त, मंत्रियों को मैदान में उतरने के निर्देश, बोले– कितने पात्र लोग छूटे इसकी गहन पड़ताल करें

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है। मंगलवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने ड्राफ्ट सूची सार्वजनिक की, जिसके मुताबिक प्रदेश में अब 12 करोड़ 55 लाख से ज्यादा मतदाता दर्ज हैं। ड्राफ्ट सूची सामने आते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे मंत्रिमंडल को सख्त निर्देश देते हुए जमीन पर उतरने को कहा है।

सीएम योगी ने साफ शब्दों में कहा है कि यह जांच की जाए कि मतदाता सूची में कितने पात्र लोग छूट गए हैं और किसी भी हाल में कोई भी योग्य नागरिक वोटर बनने से वंचित न रह जाए। उन्होंने मंत्रियों को अपने-अपने प्रभार जिलों की मतदाता सूची तुरंत हासिल करने, सूची की गहन समीक्षा करने और जिन लोगों के नाम छूट गए हैं, उनके फॉर्म तत्काल भरवाकर नाम जुड़वाने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा कि विधानसभा स्तर पर मतदाता सूची की जांच कराई जाए, क्योंकि अभी की गई मेहनत आने वाले चुनावों को आसान बनाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रियों को जी-रामजी योजना के प्रचार-प्रसार की भी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस और जनसभाओं के जरिए विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम का खंडन किया जाए और योजना की खूबियां जनता तक पहुंचाई जाएं। साथ ही सिपाही भर्ती से जुड़े फैसलों की भी जानकारी आम लोगों को दी जाए। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपना और अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम ड्राफ्ट सूची में जरूर जांच लें और किसी भी योग्य मतदाता का नाम छूटने न पाए।

ड्राफ्ट सूची के आंकड़ों पर नजर डालें तो यूपी के कई जिलों में बड़ी संख्या में वोट कटे हैं। लखनऊ में 30.04 प्रतिशत, मेरठ में 24.65 प्रतिशत, गाजियाबाद में 28.83 प्रतिशत, कानपुर नगर में 25.50 प्रतिशत, प्रयागराज में 24.64 प्रतिशत, आगरा में 23.25 प्रतिशत, गौतमबुद्ध नगर में 23.98 प्रतिशत और हापुड़ में 22.30 प्रतिशत वोट कटे हैं।

वहीं बलरामपुर में 25.98 प्रतिशत, बरेली में 20.99 प्रतिशत, बदायूं में 20.39 प्रतिशत, शाहजहांपुर में 21.76 प्रतिशत, फर्रुखाबाद में 20.80 प्रतिशत, कन्नौज में 21.57 प्रतिशत, सिद्धार्थनगर में 20.33 प्रतिशत, बहराइच में 20.44 प्रतिशत और संभल में 20.29 प्रतिशत वोट कटने का आंकड़ा सामने आया है।

इसके अलावा वाराणसी, अयोध्या, जौनपुर, गोरखपुर, आजमगढ़, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, हाथरस, झांसी, बांदा, चित्रकूट, मिर्जापुर, सोनभद्र, रायबरेली, सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, गोंडा, अमेठी और कई अन्य जिलों में भी 13 से 19 प्रतिशत तक वोट कटे हैं।

ड्राफ्ट सूची के इन आंकड़ों के बाद सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। सीएम योगी ने स्पष्ट कर दिया है कि एक भी पात्र मतदाता छूटना नहीं चाहिए और इसके लिए मंत्री, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता सभी को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *