आशुतोष ब्रह्मचारी पर ट्रेन में हमला, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का बड़ा बयान—‘ये सब ड्रामा है’

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर गंभीर आरोप लगाने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर चलती ट्रेन में हुए हमले के बाद मामला और ज्यादा गरमा गया है। इस घटना के बाद अब शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने इस हमले से किसी भी तरह का संबंध होने से साफ इनकार किया है। उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला एक बड़ा ड्रामा है और इसका उद्देश्य सिर्फ सहानुभूति हासिल करना या सुरक्षा प्राप्त करना हो सकता है।

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि उनके खिलाफ चल रहे मामले को मजबूत करने के लिए इस तरह की साजिश रची जा रही है। उनका कहना है कि इस हमले से उनका या उनके किसी शिष्य का कोई लेना-देना नहीं है और जब मामले की पूरी जांच होगी तो सच्चाई खुद सामने आ जाएगी।

बताया जा रहा है कि आशुतोष ब्रह्मचारी पर हमला उस समय हुआ जब वे रीवा एक्सप्रेस ट्रेन से प्रयागराज जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने मौका पाकर उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के बाद अपनी जान बचाने के लिए आशुतोष ब्रह्मचारी ट्रेन के बाथरूम में भागे और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया, जिससे उनकी जान बच सकी।

इसके बाद उन्होंने बाथरूम के अंदर से ही घायल अवस्था में जीआरपी को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया।

वहीं आशुतोष ब्रह्मचारी ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि उन पर हुआ यह हमला शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्य की साजिश के तहत कराया गया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उनकी जान लेने की कोशिश की। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर जांच जारी है और अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि जांच में क्या सच्चाई सामने आती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *