IGNTU अमरकंटक में असम के छात्र पर जानलेवा हमला: विरोध में मचा बवाल, 5 छात्र निष्कासित, पुलिस को भेजा गया कार्रवाई का पत्र

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमरकंटक स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजाति विश्वविद्यालय में असम के तेजपुर जिले के बालिपारा निवासी छात्र हीरोसज्योति पर हुए जानलेवा हमले के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना के विरोध में बुधवार को विश्वविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं ने जमकर प्रदर्शन किया, जिसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए पांच छात्रों को निष्कासित कर दिया है और कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को पत्र भेजा गया है।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव द्वारा पुलिस को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि 14 जनवरी को मुख्य छात्रावास अधीक्षक और छात्रावास अधीक्षक द्वारा दी गई सूचना और अनुशंसा के आधार पर कार्रवाई की गई है। सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि छात्रावास में छात्र हीरोसज्योति के साथ मारपीट की गई थी। जांच में शामिल पाए गए छात्र अनुराग पांडे, जतिन सिंह, रजनीश त्रिपाठी, विशाल यादव और उत्कर्ष सिंह को तत्काल प्रभाव से विश्वविद्यालय से निष्कासित कर दिया गया है।

प्रशासन ने इस पूरे प्रकरण को अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए विश्वविद्यालय की अनुशासन समिति को सौंपते हुए कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को भी प्रकरण भेज दिया है। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी रजनीश त्रिपाठी ने बताया कि नियमों के तहत दोषी छात्रों के खिलाफ सख्त और उचित कार्रवाई की गई है और विश्वविद्यालय परिसर में अनुशासन बनाए रखने के लिए आगे भी कड़े कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *