बकरा-मटन का लालच देकर धर्मांतरण की कोशिश: भजन के बीच ईशु-ईशु सुन चौंके ग्रामीण, बजरंग दल का हंगामा

बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले से धर्मांतरण का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां नए साल के मौके पर ग्रामीणों को बकरा-मटन खाने का लालच देकर एक कार्यक्रम में बुलाया गया और फिर वहां ईसाई धर्म अपनाने की कोशिश की गई।

यह पूरा मामला शाहपुर थाना क्षेत्र के खामनी ग्राम के बडाला इलाके का है, जहां भोले-भाले ग्रामीणों को निमंत्रण देकर कहा गया कि सामूहिक भोज होगा, लेकिन जब लोग वहां पहुंचे तो माहौल कुछ और ही निकला।

ग्रामीणों के मुताबिक जैसे ही कार्यक्रम शुरू हुआ, भजन के बीच अचानक ईशु-ईशु की प्रार्थनाएं सुनाई देने लगीं, जिससे लोग हैरान रह गए और उन्हें धर्मांतरण की कोशिश का शक हुआ।

स्थानीय ग्रामीण सुभाष ने बताया कि पूरे गांव को बकरा काटने और खाने की बात कहकर बुलाया गया था, लेकिन वहां पहुंचते ही ईशु धर्म की प्रार्थना शुरू हो गई, जिसके बाद सभी लोग वहां से लौट आए।

मामले की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद कथित ईसाई मिशनरी वहां से भाग निकले।

बजरंग दल कार्यकर्ता चेतन महाजन ने बताया कि भजन कार्यक्रम के दौरान बार-बार ईशु का नाम लिया जा रहा था और जब राम या हनुमान का भजन गाने को कहा गया तो आयोजकों ने साफ इनकार कर दिया।

मौके से बाइबिल की पुस्तक भी बरामद हुई है और बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में 100 से ज्यादा लोग मौजूद थे।

शाहपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस ने 6 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, सभी आरोपी बुरहानपुर जिले के ही निवासी बताए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *