फेमस सिंगर बी प्राक एक बार फिर खुशियों से सराबोर हैं, क्योंकि वह दूसरी बार बेटे के पिता बन गए हैं। उनकी पत्नी मीरा बच्चन ने हाल ही में एक बेटे को जन्म दिया है और इस खुशखबरी को खुद बी प्राक ने सोशल मीडिया पर साझा किया है। सिंगर ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर न सिर्फ बेटे के जन्म की जानकारी दी, बल्कि उसके नाम का भी खुलासा करते हुए इसे आध्यात्मिक पुनर्जन्म बताया है।
बी प्राक ने अपने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, सब राधे राधे है, जय श्रीकृष्ण। पोस्ट में उन्होंने बाल कृष्ण की एक तस्वीर शेयर की और बताया कि उनके बेटे का नाम द्विज बच्चन रखा गया है। उन्होंने लिखा कि राधे श्याम की दिव्य कृपा से 01 दिसंबर 2025 को उन्हें एक बेटे का आशीर्वाद मिला है, जिसे उन्होंने एक आध्यात्मिक पुनर्जन्म बताया।
पोस्ट में आगे बी प्राक ने अपनी भावनाएं जाहिर करते हुए लिखा कि उनका दिल कृतज्ञता और खुशी से भर गया है और जैसे सूरज फिर से उग आया हो, जो उनके जीवन में रोशनी, आशा और नई शुरुआत लेकर आया है। उन्होंने एक बार फिर सब राधे राधे और जय श्रीकृष्ण लिखकर अपनी आस्था भी प्रकट की।
गौरतलब है कि बी प्राक और मीरा बच्चन साल 2020 में पहली बार माता-पिता बने थे, लेकिन साल 2022 में उनके दूसरे बेटे का जन्म के तुरंत बाद निधन हो गया था। अब साल 2025 के अंत में बेटे द्विज बच्चन के जन्म के साथ इस परिवार में फिर से खुशियों की किलकारी गूंज उठी है।

