छतरपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर और प्रसिद्ध कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपनी शादी को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने साफ कहा है कि गुरु जी की आज्ञा मिल चुकी है और अब वह जल्द ही विवाह के बंधन में बंधेंगे। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि आज ही उन्होंने माता जी से कह दिया है कि लड़की देख लीजिए, विवाह माता जी की पसंद से ही होगा।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि उनके जीवन का एक सिद्धांत रहा है कि जो बात कहते हैं, उसे निभाते हैं, चाहे देर से ही सही। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शादी करना तय है और बहुत जल्द खुशखबरी भी मिलेगी। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि आज ही कहकर आए हैं कि जल्दी बिटिया देख लो।
उन्होंने यह भी बताया कि वह 21 दिन की साधना के लिए बद्रीनाथ जा रहे हैं, जिसमें पांच दिन की विशेष तपस्या शामिल होगी। साधना पूर्ण होने के बाद विवाह की प्रक्रिया और तेजी से आगे बढ़ सकती है।
बाबा बागेश्वर की इस घोषणा के बाद उनके लाखों अनुयायियों में उत्साह का माहौल है। लंबे समय से उनकी शादी को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन अब उन्होंने खुद इस पर मुहर लगा दी है। उन्होंने दोहराया कि यह निर्णय उनकी व्यक्तिगत इच्छा से ज्यादा गुरु की आज्ञा और मां की पसंद पर आधारित होगा, और जल्द ही शुभ समाचार सामने आएगा।

