बाबा पलटेंगे बाजी — बिहार में गरजेंगे सीएम योगी, दानापुर और सहरसा में करेंगे जनसभा, भाजपा के पक्ष में बनाएंगे लहर

लखनऊ. बिहार विधानसभा चुनाव का माहौल अब पूरी तरह गर्म हो चुका है और इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मैदान में उतर रहे हैं। आज यानी गुरुवार को सीएम योगी बिहार दौरे पर रहेंगे, जहां वे दो विशाल जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इस दौरे की जानकारी खुद सीएम योगी ने सोशल मीडिया पर साझा की है। उन्होंने पोस्ट में लिखा — “नमस्कार बिहार के बहनों-बंधुगण! माता जानकी की पावन भूमि और भगवान बुद्ध की ज्ञानभूमि बिहार में आज दानापुर और सहरसा की जनता-जनार्दन के बीच जाकर संवाद करने का अवसर मिलेगा। यही लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। बिहार की विकास यात्रा को और अधिक गति, गरिमा और गौरव देने के लिए डबल इंजन की सरकार सतत आगे बढ़ती रहेगी।”

बिहार में इस बार दो चरणों में चुनाव होने जा रहे हैं और अब पहले चरण की वोटिंग में एक महीने से भी कम वक्त बचा है। ऐसे में भाजपा ने अपने स्टार प्रचारकों को मैदान में उतार दिया है ताकि चुनावी हवा पूरी तरह अपने पक्ष में मोड़ी जा सके। इसी कड़ी में सीएम योगी आज दानापुर और सहरसा की धरती से भाजपा के लिए बिगुल फूंकेंगे।

राजनीतिक जानकारों की मानें तो जहां-जहां योगी आदित्यनाथ ने प्रचार किया है, वहां भाजपा को खासा फायदा मिला है। उनके तीखे भाषण और प्रखर हिंदुत्ववादी छवि ने हमेशा पार्टी समर्थकों में जोश भरने का काम किया है। बिहार में भी योगी की एंट्री को भाजपा के लिए बड़ा गेमचेंजर माना जा रहा है।

पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को 121 सीटों पर होगा, जबकि दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को 122 सीटों पर की जाएगी। नामांकन की प्रक्रिया भी अब जोरों पर है — पहले चरण के उम्मीदवारों के लिए 17 अक्टूबर तक नामांकन की आखिरी तारीख है, जबकि दूसरे चरण के लिए 20 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किया जा सकेगा।

कुल मिलाकर, बिहार की चुनावी रणभूमि में अब माहौल पूरी तरह बन चुका है। मंच सज चुके हैं, जनता तैयार है और ‘बाबा योगी’ अपनी गरज से चुनावी हवा को भगवा रंग में रंगने निकल चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *