छतरपुर। टी-20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की शानदार जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल देखने को मिला। मध्य प्रदेश सहित देशभर में क्रिकेट प्रेमियों ने भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत का जमकर उत्सव मनाया। इसी बीच बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी टीम इंडिया को बधाई देते हुए बड़ा बयान दिया है।
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भारतीय टीम की जीत को कड़ी मेहनत और सही रणनीति का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि जुनून और मेहनत के सामने ‘पनौती’ जैसी बातें कोई मायने नहीं रखतीं। उनके मुताबिक न कोई दिन अशुभ होता है, न कोई खिलाड़ी और न ही कोई मैदान।
बागेश्वर महाराज ने कहा कि जब सही रणनीति, अटूट जोश और भगवान की कृपा साथ होती है तो कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती और हर मुश्किल को पार किया जा सकता है। उन्होंने इस जीत को पूरे देश के लिए गर्व का क्षण बताते हुए सभी क्रिकेट प्रेमियों को बधाई दी।
दरअसल टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रन से करारी शिकस्त दी। अहमदाबाद में रविवार को खेले गए इस मुकाबले में भारत ने टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए।
इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी और 159 रन पर ही सिमट गई। इस शानदार जीत के साथ ही टीम इंडिया ने टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया और देशभर में खुशी की लहर दौड़ गई।

