उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में पुलिस ने एक बांग्लादेशी महिला और उसके भारतीय पति को गिरफ्तार कर लिया है। यह महिला रीना बेगम, अपने पति राशिद अली के साथ मंडी धनौरा के कटरा इलाके में रह रही थी। खुफिया विभाग की टीम ने दोनों से कई घंटे पूछताछ की और उनके पास से सऊदी अरब में हुआ निकाह का कागज़ भी बरामद किया।
जांच में पता चला कि रीना बेगम ढाका जनपद के गाजीपुर की रहने वाली है और कुछ साल पहले वह सऊदी अरब में नौकरी करती थी, जहां उसकी मुलाकात राशिद अली से हुई। दोनों की नजदीकियां बढ़ीं और वहीं निकाह कर लिया। इसके बाद यह जोड़ा नेपाल बॉर्डर के रास्ते भारत में घुस आया और धनौरा में रह रहा था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि राशिद एक बांग्लादेशी महिला को अपने घर में छुपाकर रख रहा है। पकड़ में आने के बाद दोनों ने सऊदी में रहने और वहीं शादी होने की बात कबूल कर ली। पुलिस ने रीना बेगम के खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है, जबकि राशिद पर अवैध शरण देने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस बीच रीना बेगम के दो वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। एक वीडियो में वह फ्लाइट में बैठकर ‘बाय-बाय बांग्लादेश’ कहती दिखाई देती है, जबकि दूसरे वीडियो में वह बांग्लादेश एयरलाइंस के विमान के सामने बांग्ला भाषा में बोलती नजर आती है। इन वायरल वीडियोज़ ने उसकी अवैध एंट्री की पोल खोल दी है।

