धार। शहर के आस्था का प्रमुख केंद्र माने जाने वाले प्रसिद्ध गढ़ कालिका माता मंदिर परिसर में बार बालाओं के ठुमके लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में गहरी नाराजगी देखी जा रही है।
वायरल वीडियो के सामने आने के बाद मंदिर आने वाले भक्त हैरान हैं और धार्मिक स्थल की मर्यादा भंग होने पर सवाल उठा रहे हैं, हालांकि अब तक इस मामले में पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
दरअसल मंदिर परिसर के पास एक विवाह समारोह का बनौला निकाला जा रहा था, इसी दौरान बार बालाओं को बुलाया गया और देवी के मंदिर परिसर में नाच-गाना कराया गया, जिसे श्रद्धालु धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ मान रहे हैं।
वीडियो में मंदिर परिसर के आसपास कथित तौर पर अशोभनीय नृत्य होता दिखाई दे रहा है, जिसके बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है और लोग इसे धार्मिक मर्यादाओं को ठेस पहुंचाने वाली घटना बता रहे हैं।
दर्शन के लिए पहुंचे कई श्रद्धालु इस दृश्य को देखकर अचंभित रह गए और उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से नाराजगी जाहिर करते हुए मंदिर प्रशासन और प्रशासनिक अधिकारियों से इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।

