डबरा। मध्य प्रदेश के डबरा में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुराने विवाद को लेकर बदमाशों ने पिता-पुत्र पर हमला कर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की। घटना शहर के जंगीपुरा क्षेत्र की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक करीब पांच महीने पहले एक युवती ने कथित तौर पर प्यार में धोखा मिलने के बाद जहर खाकर अपनी जान दे दी थी। परिजनों का आरोप है कि अंकित कुशवाहा ने युवती को धोखा दिया था, जिसके बाद पुलिस ने युवती के बयानों के आधार पर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया था।
अब उसी मामले में राजीनामा का दबाव बनाने को लेकर विवाद बढ़ गया। घायल केशव कुशवाह और उनके पिता का कहना है कि अंकित, मनोज, सागर कुशवाहा और अन्य साथी लाठी-डंडों के साथ पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपियों ने कट्टे से फायर कर जान से मारने की कोशिश भी की और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी सौरव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। मामले की जांच जारी है और पुलिस हमलावरों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

