भोपाल। मध्यप्रदेश में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा को लेकर साइबर क्राइम पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए छात्रों और अभिभावकों को सतर्क रहने को कहा है।
पुलिस के मुताबिक बोर्ड परीक्षाओं से पहले सोशल मीडिया, मैसेजिंग ऐप्स और अलग-अलग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर लीक पेपर और फर्जी प्रश्नपत्रों के नाम पर भ्रम फैलाया जा रहा है।
साइबर क्राइम पुलिस ने साफ कहा है कि किसी भी अनजान लिंक, ग्रुप या सोशल मीडिया पर आए कथित प्रश्नपत्रों को असली मानकर भरोसा न करें।
छात्रों और अभिभावकों से अपील की गई है कि केवल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और स्कूल या कॉलेज प्रशासन से मिली जानकारी पर ही भरोसा करें और किसी भी संदिग्ध मैसेज या फर्जी पेपर की जानकारी तुरंत पुलिस या स्कूल प्रशासन को दें।
बता दें कि मध्यप्रदेश में एमपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 10 फरवरी से शुरू हो रही हैं, जिसमें इस बार करीब 16 लाख विद्यार्थी शामिल होने वाले हैं।

