कॉमेडियन भारती सिंह साल 2025 के अंत में दूसरी बार मां बनी थीं और इसके बाद से ही वह अपने व्लॉग्स के जरिए फैंस के साथ हर छोटी-बड़ी खुशी शेयर करती नजर आ रही हैं। अब बेटे के जन्म के करीब एक महीने बाद भारती और हर्ष ने अपने नन्हे मेहमान का नामकरण कर दिया है। भारती सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक खास पोस्ट शेयर करते हुए अपने दूसरे बेटे के नाम का खुलासा किया है।
भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया ने अपने बेटे का नाम यशवीर रखा है। यशवीर हिंदी और संस्कृत मूल का नाम है, जिसका अर्थ होता है गौरवशाली और बहादुर। इस नाम का मतलब यशस्वी, प्रसिद्ध, वीर और सफल भी माना जाता है। ज्योतिष के अनुसार यशवीर नाम की राशि वृश्चिक होती है और कहा जाता है कि इस नाम के लोग तेज बुद्धि वाले और साहसी स्वभाव के होते हैं।
हालांकि भारती और हर्ष ने बेटे का नाम तो फैंस के साथ साझा कर दिया है, लेकिन अभी तक उन्होंने उसका चेहरा रिवील नहीं किया है। भारती द्वारा शेयर की गई तस्वीरें नामकरण सेरेमनी की हैं, जहां पूरे परिवार के साथ पूजा-पाठ और हवन का आयोजन किया गया। यह कपल अपने छोटे बेटे को प्यार से काजू कहकर बुलाता है।
तस्वीरों में भारती सिंह रेड कलर के सूट में बेहद खूबसूरत नजर आ रही हैं, जबकि हर्ष लिंबाचिया और उनके दोनों बेटे लाइट पर्पल कुर्ता और व्हाइट पजामा में दिख रहे हैं। नामकरण समारोह की झलकियों ने फैंस का दिल जीत लिया है और सोशल मीडिया पर इन्हें खूब प्यार मिल रहा है।

