ईद पर नफरत के खिलाफ भोपाल में अपील, ‘सबसे खरीदारी करें’ का संदेश

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी Bhopal में ईद के मौके पर नफरत भरी अपीलों के बीच मुस्लिम समाज ने एक सकारात्मक संदेश दिया है, जहां लोगों से धर्म के आधार पर नहीं बल्कि सभी से खरीदारी करने की अपील की गई।

मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि मुजाहिद्दीन ने कहा कि समाज को भड़काने की कोशिशें हो रही हैं, लेकिन इसका जवाब आपसी भाईचारे और एकता से दिया जाना चाहिए, उन्होंने जोर देकर कहा कि मुस्लिम समाज को रोजगार, शिक्षा और मुख्यधारा से जुड़ने पर ध्यान देना चाहिए, न कि भड़काऊ बातों में आना चाहिए।

इसी संदेश को लेकर शहर के न्यू मार्केट में एक कैंपेन भी चलाया गया, जहां लोगों से अपील की गई कि वे सभी दुकानदारों से खरीदारी करें और नफरत फैलाने वालों को अपने व्यवहार से जवाब दें।

दरअसल, इस पूरे मामले की शुरुआत एक वायरल वीडियो से हुई थी, जिसमें अहले सुन्नत के महासचिव तौकीर निजामी ने ईद और रमजान की खरीदारी सिर्फ मुस्लिम व्यापारियों से करने की अपील की थी, जिसे लेकर विवाद खड़ा हो गया।

इसके पहले भी कुछ हिंदूवादी संगठनों द्वारा हिंदू त्योहारों पर केवल हिंदू व्यापारियों से खरीदारी की अपील की गई थी, जिसकी कई लोगों ने आलोचना करते हुए इसे समाज में नफरत फैलाने की कोशिश बताया था।

ऐसे माहौल में भोपाल से आया यह संदेश साफ करता है कि आम लोग अब नफरत से ऊपर उठकर आपसी सौहार्द और एकता को बढ़ावा देना चाहते हैं, ताकि समाज में शांति और भाईचारा बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *