भोपाल मेट्रो की DPR फिर बदलेगी, सांसद आलोक शर्मा बोले– लाइन होगी भूमिगत, PCC चीफ जीतू पटवारी ने कसा तंज

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में मेट्रो प्रोजेक्ट को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। भोपाल मेट्रो की डीपीआर अब दोबारा बदली जाएगी। इसे लेकर भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने बड़ा बयान दिया है, वहीं उनके बयान पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने तीखा पलटवार किया है।

सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि रंग महल से लेकर अपना लिली टॉकीज़ तक प्रस्तावित मेट्रो लाइन सड़क के ऊपर से नहीं बल्कि भूमिगत बनाई जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मेट्रो अधिकारियों से बातचीत की जा चुकी है और क्षेत्र के विधायक भी इस मांग के समर्थन में हैं। उन्होंने कहा कि यह पूरा इलाका वीवीआईपी ज़ोन है, जहां राजभवन, मुख्यमंत्री निवास और कन्वेंशन सेंटर स्थित हैं। ऐसे में राजभवन के ऊपर से मेट्रो लाइन जाना सुरक्षा की दृष्टि से भी उचित नहीं है।

आलोक शर्मा ने कहा कि जिस तरह इंदौर में मेट्रो की डीपीआर बदली गई थी, उसी तरह भोपाल में भी बदलाव किया जाएगा। व्यापारी संगठनों और रहवासी संघों ने भी एलिवेटेड मेट्रो का विरोध दर्ज कराया है। भोजशाला मामले पर उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेश का पूरी तरह पालन किया जाएगा और सरकार सभी समुदायों की भावनाओं का ध्यान रखते हुए सजग है।

वहीं इस पूरे मामले पर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने सांसद आलोक शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें विकास की समझ नहीं है और वे बार-बार अपना ही मत बदलते रहते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले एलिवेटेड मेट्रो में भ्रष्टाचार दिखाई दे रहा था और अब भूमिगत मेट्रो में भ्रष्टाचार नजर आने लगा है। जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि इन्हें न विकास से मतलब है और न ही जनता की समस्याओं से, यह सिर्फ धांधली करने में लगे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *