भोपाल में निगम का नया खेल, नया स्लॉटर हाउस सील होते ही पुराना किया शुरू, मवेशियों की लगातार आवाजाही

भोपाल। राजधानी भोपाल में भैंस के नाम पर गौमांस तस्करी का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नया स्लॉटर हाउस सील होने के बाद निगम ने बंद पड़ा पुराना स्लॉटर हाउस फिर से शुरू कर दिया है, जहां लगातार मवेशियों को लाया और भेजा जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक जिंसी इलाके में स्थित स्लॉटर हाउस को सील किए जाने के बाद नगर निगम ने मंगलवार को पुराने स्लॉटर हाउस को दोबारा चालू कर दिया। यहां मवेशियों की आवाजाही जारी है, जिससे यह संदेह और गहराता जा रहा है कि आखिर किसके संरक्षण में यह पूरा खेल चल रहा है। मामले के सामने आते ही निगम की भूमिका पर बड़े सवाल उठने लगे हैं।

पूरा मामला 17 दिसंबर की रात का है, जब भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय के सामने हिंदू संगठनों ने मांस से भरा एक ट्रक पकड़ा था। आरोप लगाया गया था कि ट्रक में भैंस के नाम पर गौमांस की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और सबसे पहले ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया।

इसके बाद जब्त किए गए मांस को जांच के लिए राज्य पशु चिकित्सालय जहांगीराबाद भेजा गया। लैब रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि करीब 26 टन जब्त मांस गोमांस ही था। इस खुलासे के बाद नया स्लॉटर हाउस सील किया गया, लेकिन अब पुराना स्लॉटर हाउस चालू होना कई सवाल खड़े कर रहा है और निगम के इस नए खेल ने पूरे मामले को और भी संदिग्ध बना दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *