होली पर भोपाल पुलिस का सख्त अलर्ट, आपत्तिजनक पोस्ट और साइबर फ्रॉड पर होगी कड़ी कार्रवाई

भोपाल। होली के त्योहार को लेकर भोपाल पुलिस अलर्ट मोड पर है। शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के साथ-साथ साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने आम नागरिकों के लिए अहम एडवाइजरी जारी की है। खासतौर पर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, एडिटेड या मॉर्फ्ड फोटो और वीडियो शेयर करने वालों को कड़ी चेतावनी दी गई है।

एडवाइजरी में साफ कहा गया है कि होली से जुड़े किसी भी आपत्तिजनक कंटेंट को सोशल मीडिया पर शेयर या फॉरवर्ड करना गंभीर अपराध माना जाएगा। ऐसा करने वालों के खिलाफ तुरंत आपराधिक मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी से व्यवहार करें, न कोई आपत्तिजनक पोस्ट बनाएं और न ही उसे आगे बढ़ाएं।

इसके साथ ही होली के मौके पर बढ़ने वाले साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने की भी सलाह दी गई है। फर्जी होली ऑफर, गिफ्ट लिंक या अनजान मैसेज के झांसे में न आएं। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। UPI या QR कोड केवल विश्वसनीय और परिचित स्रोत से ही स्कैन करें। अपना OTP, PIN, पासवर्ड या बैंकिंग डिटेल किसी के साथ साझा न करें, चाहे सामने वाला कितना भी भरोसेमंद क्यों न लगे। डिजिटल पेमेंट के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

पुलिस ने यह भी कहा है कि यदि किसी को साइबर अपराध का संदेह हो या वह शिकार हो जाए, तो तुरंत भोपाल साइबर क्राइम हेल्पलाइन 9479990636 पर संपर्क करें या राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें। इसके अलावा www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *