भोपाल। मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है कि अब राजधानी भोपाल के पानी को लेकर चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। दूषित पानी कांड पर प्रदेश से लेकर देशभर में बहस जारी है और इसी बीच लैब टेस्ट रिपोर्ट ने भोपाल के पेयजल की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लैब जांच में सामने आया है कि भोपाल के भूजल आधारित पेयजल में बैक्टीरिया पाया गया है। शहर के चार इलाकों के पानी के सैंपल टेस्टिंग में फेल हुए हैं, जिनमें एक खानूगांव, एक बाजपेयी नगर और दो आदमपुर खंती क्षेत्र शामिल हैं, जहां का पानी स्वास्थ्य के लिए असुरक्षित बताया गया है।
संक्रमण की पुष्टि के बाद नगर निगम ने इन इलाकों में भूजल आधारित जल स्त्रोतों से पानी की सप्लाई तत्काल बंद कर दी है। जानकारी के मुताबिक नगर निगम द्वारा 6 जनवरी को भोपाल के कुल 250 इलाकों से जल नमूने एकत्र कर उनकी जांच कराई गई थी।
पानी में बैक्टीरिया मिलने की खबर के बाद लोग सतर्क हो गए हैं और एहतियातन पानी उबालकर पी रहे हैं, ताकि किसी भी तरह की बीमारी से बचा जा सके। लगातार सामने आ रहे दूषित पानी के मामलों ने प्रशासन और जल आपूर्ति व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

