संविदाकर्मियों के लिए बड़ा ऐलान: सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा- संविदा कर्मचारी हैं ‘हनुमान’, 2023 की संविदा नीति का पूर्ण क्रियान्वयन होगा

भोपाल। सीएम डॉ मोहन यादव ने राज्य स्तरीय संविदा अधिकारी कर्मचारी सम्मेलन में बड़ी बात कही। उन्होंने कहा, जैसे भगवान राम को हनुमान जी की जरूरत है, वैसे ही हमें आपकी जरूरत है। संविदाकर्मी वो दिल से काम करने वाला समूह हैं, जो चुनौतियों के बीच भी पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं।

भोपाल के टीटी नगर दशहरा मैदान में आयोजित इस सम्मेलन में कर्मचारियों ने नियमितीकरण, समान कार्य-समान वेतन, महंगाई भत्ते और संविदा नीति 2023 के पूर्ण क्रियान्वयन की मांग रखी।

सीएम ने कर्मचारियों से नारा भी लगवाया, “देश के हित में करेंगे काम, काम के लेंगे पूरे दाम।”

डॉ मोहन यादव ने घोषणा की कि सरकार संविदाकर्मियों के सम्मान और सुरक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्ध है। 2 लाख संविदाकर्मियों के लिए संविदा नीति 2023 का पूर्ण क्रियान्वयन किया जाएगा। नियमितीकरण का 50 प्रतिशत हिस्सा पहले ही लागू हो चुका है और इसे आगे भी बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विभागों के PS को कर्मचारियों की मांगें बताए जाएंगी और पूरी कोशिश रहेगी कि वे पूरी हों।

सीएम ने कहा कि संविदा नीति 2023 को हर हाल में लागू किया जाएगा और इसके लिए सामान्य प्रशासन विभाग और मोर्चा पदाधिकारियों की समिति गठित की जाएगी।

यह सुनिश्चित किया जाएगा कि संविदाकर्मियों के अधिकार और हित पूरी तरह संरक्षित हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *