जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान एक दुकानदार की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और परिजनों ने प्रशासन पर अत्यधिक दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए थाने के सामने शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।
घटना के बाद आक्रोशित परिजन और स्थानीय दुकानदार बड़ी संख्या में थाने के सामने जुट गए और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क पर धरना दिया जिससे इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दरअसल शहर के बरगी क्षेत्र में राजस्व विभाग और पुलिस की टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची थी इसी दौरान दुकानदार की तबीयत बिगड़ी और हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई जिसके बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा।
परिजनों का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक दबाव इतना ज्यादा था कि दुकानदार सदमे में आ गए और उनकी जान चली गई वहीं पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर की जा रही थी।
घटना पटेल चौराहा स्थित बरगी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है जहां निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी गई और मामला किसी तरह शांत कराया गया।

