इंदौर। मध्यप्रदेश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में दूषित पानी से मौत का मामला अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि अब जिले के अंबेडकर नगर महू से एक और चिंताजनक खबर सामने आ गई है। महू में दूषित पानी पीने से बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ गए हैं और पीलिया जैसी गंभीर बीमारी के लक्षण सामने आए हैं। बीते दस दिनों के भीतर करीब 25 से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं, जिनमें सबसे ज्यादा संख्या मासूम बच्चों की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक महू के पत्ती बाजार, मोती महल और चन्दर मार्ग इलाके के रहवासी इस बीमारी की चपेट में आए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से नलों से गंदा और बदबूदार पानी आ रहा था, जिसकी शिकायत कई बार की गई, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब हालात ऐसे बन गए हैं कि बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक बीमार होकर इलाज के लिए भटकने को मजबूर हैं।
बताया जा रहा है कि इलाके में पेयजल की पाइपलाइन नालों के बीच से होकर गुजरती है, जिससे गंदगी और सीवेज का पानी सप्लाई लाइन में मिल रहा है। महू सैन्य छावनी क्षेत्र होने के कारण यहां कैंटोनमेंट बोर्ड स्थानीय निकाय के रूप में कार्य करता है, जिस पर अब सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा और क्षेत्रीय विधायक उषा ठाकुर भी प्रभावित इलाकों में पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम को भी तुरंत मौके पर भेजा गया है। संक्रमित क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है और संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से दूषित पानी का उपयोग न करने और उबालकर पानी पीने की अपील की है। फिलहाल हालात पर नजर रखी जा रही है, लेकिन महू में फैलती बीमारी ने प्रशासन और स्वास्थ्य व्यवस्था की चिंता जरूर बढ़ा दी है।

