जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है, जहां रामपुर में संचालित आदिवासी एकलव्य छात्रावास से तीन छात्र अचानक लापता हो गए हैं। इस घटना के बाद छात्रावास परिसर में हड़कंप मच गया है और परिजन बेहद परेशान हैं।
जानकारी के अनुसार छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहे ये तीनों छात्र बालाघाट, सिवनी और अन्य जिलों के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात खाना खाने के बाद से तीनों छात्रों का कोई पता नहीं चला है। जब काफी देर तक उनकी कोई जानकारी नहीं मिली तो छात्रावास प्रबंधन और अन्य छात्रों में अफरा-तफरी मच गई।
लापता छात्रों को लेकर छात्रावास प्रबंधन भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहा है। इसके बाद परिजनों ने गोरखपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्रों की तलाश शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक तीनों छात्रों के बारे में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ सकी है और पुलिस लगातार खोजबीन में जुटी हुई है।

