सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से इस वक्त की बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां जिला जेल में बंद पॉक्सो एक्ट के तीन विचाराधीन कैदी फरार हो गए हैं। इस घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और इसे जेल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक सिवनी जिला जेल में पॉक्सो एक्ट के तहत बंद तीन विचाराधीन कैदी किसी तरह सुरक्षा में चूक का फायदा उठाकर फरार हो गए। फरार कैदियों में से दो लखनवाड़ा थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जबकि तीसरा कैदी महाराष्ट्र के गोंदिया जिले का निवासी है। कैदियों के फरार होने की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना पर वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है। वहीं फरार कैदियों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और आसपास के इलाकों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस घटना ने जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
समाचार लिखे जाने तक फरार कैदियों का कोई सुराग नहीं लग पाया था, लेकिन पुलिस का दावा है कि जल्द ही तीनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

