खातेगांव। देवास जिले के सतवास नगर में अतिक्रमण कार्रवाई के विरोध में आत्मदाह करने वाली महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई है। गंभीर रूप से झुलसी जयश्री व्यास ने आज अस्पताल में दम तोड़ दिया, जबकि उनके पति संतोष व्यास को एक दिन पहले ही इंदौर के निजी अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया था। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
घटना 24 दिसंबर की है, जब सतवास नगर में नगर परिषद और राजस्व विभाग की टीम सार्वजनिक नाली पर हुए अतिक्रमण को हटाने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान विरोध जताते हुए जयश्री व्यास ने अपने पति के साथ खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। दोनों को गंभीर हालत में तत्काल इंदौर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां महिला जिंदगी की जंग हार गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने पहले ही तहसीलदार और नगर परिषद के सीएमओ को निलंबित कर दिया है। पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच के लिए जांच समिति का गठन किया गया है। घटना के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए नगर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और आसपास के थानों का पुलिस बल तैनात किया गया है।

