भोपाल। पटना के गांधी मैदान में आज एक ऐतिहासिक माहौल देखने को मिला, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में बिहार सरकार का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इसी समारोह में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए। उन्होंने नीतीश कुमार को एक बार फिर बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई दी, साथ ही सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा को उप मुख्यमंत्री बनने पर शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में बनने वाली यह एनडीए सरकार बिहार के हर वर्ग के समग्र विकास के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि ‘विकसित बिहार’ के संकल्प को अब नई गति, नई ऊर्जा और नए विज़न के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
मीडिया से बातचीत में डॉ. मोहन यादव ने कहा कि एनडीए की सरकार जनता के कल्याणकारी कामों को लेकर तेजी से कदम बढ़ा रही है। उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार की ओर से बिहार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एनडीए पूरे देश में सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की नीति के साथ जनता की सेवा में निरंतर आगे बढ़ता रहेगा। गांधी मैदान का माहौल, नेताओं की मौजूदगी और विकास के संकल्प के साथ आज बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ गया है।

