भोपाल/पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 अब अपने दूसरे चरण के प्रचार के जोश में है और आज मैदान में उतर रहे हैं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव। एनडीए के स्टार प्रचारक के रूप में वे आज बिहार में लगातार तीन जनसभाएं करने वाले हैं। उनका मिशन है—एनडीए के पक्ष में माहौल बनाना और महागठबंधन को करारा जवाब देना।
शनिवार का पूरा दिन डॉ. यादव बिहार की जनता के नाम रहने वाला है। सुबह 9:40 बजे वे भोपाल से विशेष विमान द्वारा रवाना होंगे। फिर सुबह 11:30 बजे उनकी पहली जनसभा बेलहर विधानसभा क्षेत्र में होगी, जो बांका जिले के उच्च विद्यालय बालादेव ईटहरी, फुल्लीडुमर मैदान में आयोजित की जाएगी। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे वे पूर्वी चंपारण जिले के पिपरा विधानसभा पहुंचेंगे, जहां वे दूसरी जनसभा में एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में वोट की अपील करेंगे। तीसरी और आखिरी सभा दोपहर 2:50 बजे बोधगया विधानसभा क्षेत्र में होगी, जहां वे एनडीए के लिए माहौल को और मजबूती देने की कोशिश करेंगे। इसके बाद शाम 5:30 बजे वे भोपाल लौटेंगे और शाम 6:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पार्टी नेताओं से संवाद करेंगे।
डॉ. मोहन यादव अब बिहार में एनडीए के सबसे प्रभावशाली स्टार प्रचारकों में गिने जा रहे हैं। उनकी रैलियों में हजारों की भीड़ उमड़ रही है और युवाओं का जोश देखते ही बनता है। पहले चरण की तरह दूसरे चरण में भी उनकी सभाओं का असर साफ नजर आ रहा है।
बिहार में 11 नवंबर को दूसरे चरण की 122 सीटों पर मतदान होना है। एनडीए की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को फिर से सत्ता में लाने की कोशिश जारी है, जबकि महागठबंधन इस बार तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री चेहरा बनाकर मैदान में उतरा है।
आज की ये रैलियां सिर्फ प्रचार नहीं, बल्कि एनडीए के लिए बिहार की सियासत में नई ऊर्जा भरने का प्रयास मानी जा रही हैं — और डॉ. मोहन यादव इस ऊर्जा के केंद्र बनकर उभरे हैं।

