बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में आज पूरे राज्य में लोकतंत्र का महापर्व मनाया जा रहा है। सुबह से ही मतदाता अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं और वोट डालने को लेकर गजब का उत्साह दिखाई दे रहा है। राजधानी पटना में स्वीप आइकॉन और प्रसिद्ध अभिनेत्री नीतू चंद्रा ने पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित बूथ पर पहुंचकर अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा – “चलो हम सब मिलकर वोट करने चलते हैं, वोट करेगा बिहार, अपनी सरकार चुनेगा बिहार।” उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत करें।
सिवान जिले में भी लोगों में गजब का जोश देखने को मिला। जिले के सभी मतदान केंद्रों पर दिव्यांगजनों और वृद्ध मतदाताओं के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। मतदान केंद्रों पर PwD और वरिष्ठ नागरिकों की मदद के लिए वॉलिंटियर्स तैनात किए गए हैं, ताकि किसी को भी वोट डालने में कोई दिक्कत न हो।
वहीं वैशाली जिले में भी मतदाताओं का उत्साह चरम पर है। मतदान केंद्रों पर लोगों का गर्मजोशी से स्वागत किया जा रहा है। अधिकारियों और स्वीप कर्मियों ने “आओ चलो हम सब मिलकर वोट करने चलते हैं” और “वोट करेगा बिहार, अपनी सरकार चुनेगा बिहार” जैसे नारे लगाकर मतदाताओं को प्रेरित किया।
बिहार के अलग-अलग जिलों से मिल रही तस्वीरें ये साफ दिखा रही हैं कि जनता लोकतंत्र के इस पर्व में पूरी जिम्मेदारी, ऊर्जा और उत्साह के साथ हिस्सा ले रही है। आज का दिन सच में बन गया है – बिहार के लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव।

