बिहार चुनाव 2025: दूसरे चरण का प्रचार आज शाम 6 बजे थमेगा, 11 नवंबर को 122 सीटों पर होगी वोटिंग

Bihar Election 2025:  बिहार विधानसभा चुनाव 2025 अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। दूसरे चरण के चुनाव के लिए प्रचार का शोर आज यानी रविवार शाम 6 बजे थम जाएगा। इसके बाद 11 नवंबर को राज्य के 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। इस चरण में कुल 1302 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1165 पुरुष, 136 महिलाएं और एक थर्ड जेंडर प्रत्याशी शामिल हैं। जैसे-जैसे मतदान का दिन नजदीक आ रहा है, सभी प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए जी-जान से जुटे हुए हैं।

चुनाव आयोग के मुताबिक इस चरण में करीब 3 करोड़ 70 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 1.95 करोड़ पुरुष, 1.74 करोड़ महिलाएं और 943 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए कुल 45,399 बूथ बनाए गए हैं — जिनमें 5326 शहरी और 40,073 ग्रामीण क्षेत्र में हैं। खास बात यह है कि 595 बूथ पूरी तरह महिलाओं द्वारा संचालित होंगे, 91 बूथ दिव्यांग जनों द्वारा और 316 मॉडल बूथ के रूप में तैयार किए गए हैं। आयोग ने पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर वेब कास्टिंग की व्यवस्था भी की है।

दूसरे चरण में कुछ सीटें बेहद चर्चा में हैं — कैमूर की चैनपुर, रोहतास की सासाराम और गया शहर विधानसभा सीट, जहां सबसे ज्यादा यानी 22-22 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं लौरिया, चनपटिया, रक्सौल, सुगौली, त्रिवेणीगंज और बनमनखी में सबसे कम 5-5 प्रत्याशी मैदान में हैं। इन 122 सीटों में से 101 सामान्य, 19 अनुसूचित जाति और 2 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। हर बूथ पर औसतन 815 मतदाता वोट डालेंगे। मखदुमपुर विधानसभा में सबसे कम 2,47,574 मतदाता हैं, जबकि हिसुआ विधानसभा में सबसे ज्यादा 3,67,667 मतदाता पंजीकृत हैं।

प्रचार के आखिरी दिन बिहार की सियासत का माहौल पूरी तरह गरम रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव और चिराग पासवान जैसे बड़े नेताओं ने अलग-अलग जिलों में जनसभाएं कीं और अपने उम्मीदवारों के समर्थन में जनता से वोट मांगा। एनडीए और इंडिया गठबंधन दोनों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। रविवार को भी अंतिम समय तक दोनों पक्षों के नेता रैलियों और रोड शो के जरिए मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश करेंगे।

अब सबकी नजरें 11 नवंबर पर टिकी हैं, जब बिहार के 20 जिलों में दूसरे चरण का मतदान होगा। यही दिन तय करेगा कि राज्य की सियासत किस दिशा में आगे बढ़ेगी — कौन सत्ता की कुर्सी तक पहुंचेगा और किसका सपना अधूरा रह जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *