बिहार चुनाव 2025: प्रचार के आखिरी दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पावर शो, पटना से मधेपुरा तक मचाएंगे हलचल

भोपाल। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के प्रचार का आज आखिरी दिन है, और इस मौके पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बिहार में अपनी पूरी ताकत झोंकने जा रहे हैं। प्रचार के अंतिम दिन डॉ. मोहन यादव का बिहार दौरा बेहद व्यस्त रहने वाला है। वे दो विधानसभा क्षेत्रों में रोड शो करेंगे और एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे।

सुबह 10 बजे डॉ. मोहन यादव पटना के लिए रवाना होंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे वे राजधानी पटना की बांकीपुर विधानसभा में रोड शो करेंगे, जहां बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। दोपहर 1:30 बजे वे पटना जिले की मनेर विधानसभा पहुंचेंगे और वहां भी विशाल रोड शो करेंगे, जहां जनता से भाजपा प्रत्याशी को जीताने की अपील करेंगे।

इसके बाद दोपहर 3:10 बजे मुख्यमंत्री मोहन यादव मधेपुरा के रासबिहारी उच्च विद्यालय के खेल मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां वे पार्टी की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार के विकास के विज़न को जनता के सामने रखेंगे।

गौरतलब है कि जिन तीनों विधानसभा सीटों पर आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रचार करने जा रहे हैं, उन पर 6 नवंबर को मतदान होना है। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन उनका यह दौरा भाजपा के लिए माहौल बनाने की कोशिश माना जा रहा है।

शाम 5:15 बजे वे पटना से जबलपुर के लिए रवाना होंगे, और फिर शाम को जबलपुर में एक स्थानीय कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद रात 8:35 बजे राजधानी भोपाल लौट जाएंगे। डॉ. मोहन यादव का यह पावर-पैक शेड्यूल इस बात का संकेत है कि भाजपा बिहार में पहले चरण की लड़ाई को पूरी ताकत से जीतने के मूड में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *