बिहार विधानसभा चुनाव 2025 जैसे-जैसे करीब आ रहे हैं, राजनीतिक सरगर्मी भी तेज होती जा रही है। मंगलवार को इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूर्वी चंपारण जिले के पिपरा विधानसभा क्षेत्र के चकिया पहुंचे, जहां उन्होंने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। मंच पर जोश, नारे और तालियों की गूंज के बीच अमित शाह ने राजद और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला और साफ कहा — “बिहार अब किसी भी हालत में जंगलराज की ओर नहीं लौटेगा!”
सभा में उमड़ी भारी भीड़ को देखकर अमित शाह ने कहा, “छह और ग्यारह नवंबर को ऐसा बटन दबाइए कि उसकी गूंज यहां से इटली तक सुनाई दे।” उनका यह बयान कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और उनके परिवार पर सीधा तंज था। शाह ने कहा, “एक ओर लालू यादव अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं, और दूसरी ओर सोनिया गांधी अपने बेटे को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं, लेकिन न पटना की कुर्सी खाली है, न दिल्ली की।”
अमित शाह ने अपने संबोधन में लालू-राबड़ी शासनकाल की याद दिलाते हुए कहा कि उस दौर में बिहार में अपराध, अपहरण और भ्रष्टाचार चरम पर था। लोग भय में जीते थे, और हर गली-मोहल्ले में डर का माहौल था। उन्होंने कहा, “वो अंधेरा अब पीछे छूट चुका है। आज बिहार बदल चुका है। सड़कों से लेकर गांवों तक विकास पहुंच चुका है, बिजली आई है, रोजगार बढ़ा है, और अब जनता फिर कभी उस दौर में नहीं जाना चाहती।”
सभा के दौरान शाह ने महिलाओं से जुड़े एक बड़े एलान से भी सबका ध्यान खींचा। उन्होंने कहा, “विपक्ष जीविका समूह की दीदीयों में भ्रम फैला रहा है, लेकिन सच ये है कि हमारी सरकार हर जीविका दीदी को 2 लाख रुपये की सहायता देगी। किसी से पैसे लौटाने की बात पूरी तरह झूठी है।”
अमित शाह ने आत्मविश्वास भरे अंदाज में कहा कि इस बार बिहार में एनडीए की सरकार प्रचंड बहुमत से बनने जा रही है। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है – एक विकसित, आत्मनिर्भर और अपराधमुक्त बिहार। जिस बिहार को लालू ने अंधकार में धकेला था, उसे मोदी और नीतीश ने मिलकर उजाले की राह पर लाया है। अब बिहार रुकने वाला नहीं, आगे बढ़ने वाला है।”
सभा के अंत में अमित शाह ने जनता से भावुक अपील की — “ये चुनाव सिर्फ एक सरकार चुनने का नहीं, बल्कि बिहार के भविष्य को सुरक्षित करने का है। अबकी बार, बिहार में फिर विकास की सरकार बनेगी, और जंगलराज का नाम हमेशा के लिए इतिहास बन जाएगा।

