बिहार चुनाव 2025: दरभंगा में कांग्रेस उम्मीदवार ऋषि मिश्रा पर बड़ा आरोप, जातिसूचक टिप्पणी और जान से मारने की धमकी का केस दर्ज

Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, सियासत भी उतनी ही गरमाती जा रही है। दरभंगा जिले के जाले विधानसभा क्षेत्र से एक चौंकाने वाली खबर आई है — जहां कांग्रेस उम्मीदवार ऋषि मिश्रा समेत 20 लोगों पर जातिसूचक टिप्पणी करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। यह शिकायत भाजपा प्रत्याशी और राज्य सरकार में मंत्री जीवेश मिश्रा के ड्राइवर शंकर पासवान ने दर्ज कराई है।

यह पूरा मामला 21 अक्टूबर 2025 का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, जाले के मस्का बाजार के पास धनकौल जाने वाली सड़क पर यह विवाद शुरू हुआ। भाजपा प्रत्याशी की चुनाव सामग्री लेकर जा रहे शंकर पासवान की स्कॉर्पियो को बीच रास्ते में कांग्रेस उम्मीदवार ऋषि मिश्रा ने रोक लिया। उनका आरोप था कि गाड़ी में मतदाताओं को लुभाने के लिए भाजपा की चुनावी घड़ियां बांटी जा रही हैं। उन्होंने मौके पर ही गाड़ी की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जीवेश मिश्रा के नाम से रजिस्टर्ड स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया। तलाशी में भाजपा के चुनाव चिन्ह वाली कई घड़ियां बरामद की गईं। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है और इसे आचार संहिता उल्लंघन के मामले के रूप में भी देखा जा रहा है। वहीं, ड्राइवर शंकर पासवान ने एफआईआर में आरोप लगाया कि विवाद के दौरान न सिर्फ उसके साथ जातिसूचक गालियां दी गईं, बल्कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।

दूसरी ओर, कांग्रेस प्रत्याशी ऋषि मिश्रा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा — “भाजपा लोकतंत्र को खरीदने की कोशिश कर रही है। हम सिर्फ सच्चाई दिखा रहे थे, जो जनता के सामने आनी चाहिए थी।” जबकि भाजपा खेमे ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस घटना को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रही है और माहौल बिगाड़ने की साजिश कर रही है।

जाले विधानसभा सीट पर इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा है। यहां पहले चरण का मतदान 6 नवंबर 2025 को होना है। भाजपा के जीवेश मिश्रा इस सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं और वर्तमान में मंत्री हैं। वहीं, कांग्रेस के ऋषि मिश्रा इस बार पूरी ताकत से मैदान में हैं। मगर अब एफआईआर दर्ज होने के बाद जाले की सियासत में नया तूफ़ान उठ खड़ा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *