भोपाल/पटना। Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और बीजेपी के स्टार प्रचारक डॉ. मोहन यादव ने जबरदस्त जनसभाएं कीं और एनडीए के पक्ष में हुंकार भर दी। उन्होंने बांका, मोतिहारी और गया की रैलियों में जनता से एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में वोट डालने की अपील की। हर सभा में भीड़ उमड़ पड़ी और लोगों का जोश देखने लायक था।
मोहन यादव ने कहा कि ये चुनाव धर्म और अधर्म के बीच की लड़ाई है। कांग्रेस के पप्पू को पता ही नहीं कि चुनाव बिहार में है और वे मध्यप्रदेश के पचमढ़ी में छुट्टियां मना रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस की हालत बिन दूल्हे की बारात जैसी है — चुनाव तो बिहार में हो रहा है, लेकिन उनका नेता चुनावी मैदान से गायब है।
उन्होंने कहा कि बेलहर की जनता ने जो स्नेह दिखाया है, उससे लग रहा है कि मैं अपने घर लौट आया हूं। एनडीए के प्रत्याशी जनता के बीच काम कर रहे हैं, और इस बार भी आपके आशीर्वाद से एनडीए की सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार यानी मोदी और नीतीश की जोड़ी, बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
मोहन यादव ने अपने भाषण में कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने सिखाया था कि धर्म हमेशा अधर्म पर विजय पाता है। आज बिहार में भी वही लड़ाई है — जहां नीतीश कुमार, चिराग पासवान, उपेंद्र कुशवाहा और जीतन राम मांझी जैसे नेता विकास और धर्म की राह पर आगे बढ़ रहे हैं, वहीं विपक्ष केवल भ्रम फैलाने में लगा है।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि किसानों के नाम पर राजनीति करने वालों ने कभी उन्हें सम्मान नहीं दिया। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों को घर बैठे सम्मान निधि दी, उन्हें अधिकार दिया, गर्व दिया। यही फर्क है एक कर्मयोगी सरकार और एक भ्रष्ट सरकार में।
मोहन यादव ने कहा कि आज का भारत बदल चुका है। अब अगर कोई देश हमारी तरफ आंख उठाता है, तो हमारा जवान जवाब देने के लिए पीछे नहीं हटता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय हमारे सैनिकों के सिर काटे जाते थे और उनके नेता चुप रहते थे। लेकिन आज मोदी के नेतृत्व में हमारी सेना तीन बार दुश्मनों को घर में घुसकर जवाब दे चुकी है।
उन्होंने आगे कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने कहा था — अन्याय सहना भी पाप है। इसलिए अब वक्त है अन्याय के खिलाफ खड़े होने का। केंद्र की मोदी सरकार हर वर्ग के विकास के लिए काम कर रही है — किसान, गरीब, युवा, महिलाएं — सबको सशक्त बना रही है।
राहुल गांधी पर फिर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस का नेता चुनाव के वक्त छुट्टी पर है। बिहार में कांग्रेस की हालत बिन दूल्हे की बारात जैसी है। उनका दूल्हा तो भागकर पचमढ़ी में घूम रहा है। कांग्रेस ने छठ जैसे पवित्र पर्व का अपमान किया है, और बिहार की जनता इसे माफ नहीं करेगी। 11 नवंबर को जनता इनका हिसाब चुकता करेगी।
मोतिहारी की सभा में उन्होंने कहा कि बिहार जो करता है, सबसे अच्छा करता है। बिहार की माताओं-बहनों की साधना और मेहनत ने इस राज्य को पहचान दिलाई है। कांग्रेस को हमारी परंपराओं और संस्कृति से हमेशा परेशानी रही है, लेकिन अब जनता उन्हें सबक सिखाने के लिए तैयार है।
बोधगया में मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए हर वर्ग के कल्याण के लिए काम कर रही है। कांग्रेस के नेता चुनाव के पहले ही मैदान छोड़ चुके हैं, वे मानसिक रूप से हार चुके हैं। लेकिन एनडीए के कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, और जनता का जनादेश साफ है — बिहार में फिर से डबल इंजन की सरकार आएगी, और विकास की रफ्तार पहले से भी तेज़ होगी।

