Bihar Elections 2025: पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने किया निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान, इस सीट से विरोधियों को धूल चटाने की तैयारी

बिहार में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। पटना से लेकर दिल्ली तक सियासी सरगर्मी चरम पर है। एक ओर एनडीए ने सीट शेयरिंग का ऐलान कर दिया है, वहीं महागठबंधन में अब भी सीट बंटवारे को लेकर माथापच्ची जारी है। इसी बीच एक बड़ा नाम चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर चुका है — भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह की पत्नी, ज्योति सिंह। उन्होंने ऐलान किया है कि वो काराकाट विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगी और विरोधियों को टक्कर देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

बीते दिनों ज्योति सिंह ने जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर (PK) से मुलाकात की थी। इसके बाद अटकलें लगाई जा रही थीं कि वे जन सुराज के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी, लेकिन अब साफ हो गया है कि उन्हें वहां से टिकट नहीं मिला। इसके बाद ज्योति सिंह ने फैसला किया कि वह किसी पार्टी के बैनर के बिना, जनता के समर्थन के दम पर चुनाव मैदान में उतरेंगी।

ज्योति सिंह का नाम पिछले कुछ महीनों से चर्चा में रहा है, खासकर अपने पति पवन सिंह के साथ चल रहे विवाद को लेकर। लखनऊ में पवन सिंह के घर पर हुई ड्रामेटिक घटनाओं ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियाँ बटोरी थीं। उस वक्त ज्योति ने पवन सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए थे, जिससे मामला और गर्मा गया था।

बाद में पवन सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि — “ज्योति जी का यह अपनापन चुनाव से पहले क्यों नहीं दिखा? जब वे मेरे लखनऊ घर आईं, मैं मीटिंग में था और तबीयत भी ठीक नहीं थी। मैंने कहा था किसी और दिन आ जाएं, लेकिन वे फिर भी पहुंच गईं।”
उन्होंने ये भी दावा किया कि ज्योति के पिता ने उनसे विधायक बनाने की मांग की थी — “मैंने कहा यह हमारे बस की बात नहीं, लेकिन विधायक बनने के लिए कोई इस हद तक जा सकता है, यह उम्मीद नहीं थी।”

उधर पवन सिंह हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भी मुलाकात कर चुके हैं, जिससे सियासी गलियारों में नए कयास लगने लगे हैं। अब जब उनकी पत्नी ज्योति सिंह ने चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है, तो बिहार की राजनीति में यह मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।

काराकाट की इस सीट पर अब सिर्फ सियासी नहीं, बल्कि एक पर्सनल बैटल भी देखने को मिल सकती है — एक तरफ पावर स्टार पवन सिंह, और दूसरी तरफ उनकी पत्नी ज्योति सिंह… जनता किसे अपना समर्थन देगी, यह देखना बेहद रोमांचक होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *