बिहार चुनाव में सीएम डॉ. मोहन यादव का तूफानी प्रचार – बोले, ये धर्म और अधर्म की लड़ाई है

भोपाल/पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार माहौल गर्म है और मैदान में उतर चुके हैं मध्यप्रदेश के तेजतर्रार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव। 6 नवंबर को उन्होंने बिहार की कई विधानसभाओं में जबरदस्त प्रचार किया। मधुबनी की बिस्फी विधानसभा में हरिभूषण ठाकुर बचौल और गया की वजीरगंज सीट पर बीरेंद्र सिंह के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने जनता से एनडीए के पक्ष में वोट देने की अपील की। उनके भाषण को सुनने के लिए उमड़ी भीड़ ने माहौल में जोश भर दिया। बच्चे, महिलाएं, युवा – हर कोई सुनना चाहता था सीएम मोहन यादव को।

उन्होंने मंच से कहा कि ये चुनाव सिर्फ सत्ता का नहीं, बल्कि धर्म और अधर्म के बीच की लड़ाई है। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि देश का परिदृश्य बदल चुका है, आज भारत दुनिया में एक खास पहचान बना चुका है। काशी में विश्वनाथ धाम, अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर, उज्जैन में बाबा महाकाल लोक – ये सब भारत की नई सांस्कृतिक पहचान हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग कभी अयोध्या में भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, वही अब विकास की बात करते फिर रहे हैं।

डॉ. यादव ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में बिहार में अब माता सीता का भव्य धाम भी बनेगा, क्योंकि एनडीए ही आस्था और विकास दोनों की राजनीति करता है। कांग्रेस का मन छोटा है, वो कभी ऐसा नहीं कर सकती। उन्होंने विपक्ष को झूठा बताते हुए कहा कि राहुल गांधी जब अपनी पार्टी की हार देख रहे हैं तो अब चुनाव आयोग और हरियाणा चुनाव का बहाना बना रहे हैं। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी किस मुंह से बात करते हैं? जिन्होंने अयोध्या, मथुरा और वृंदावन में मंदिरों के निर्माण में रुकावटें डालीं, वो अब आस्था की बात करते हैं?”

उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि 11 नवंबर को जब आपके हाथ में ईवीएम के रूप में सुदर्शन चक्र आए, तो पूरा हिसाब बराबर कर देना। ये मताधिकार ही जनता की असली ताकत है। मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में डबल इंजन की सरकार ने विकास की नई इबारत लिखी है — शराबबंदी से समाज की तस्वीर बदली है, महिलाओं को सम्मान मिला है, किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है, और हर वर्ग का जीवन बेहतर हो रहा है।

गया की वजीरगंज विधानसभा में सीएम मोहन यादव ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा वोट बैंक की राजनीति की और भाइयों को आपस में लड़वाया। लेकिन अब वक्त बदल गया है। उन्होंने कहा, “काल उसका क्या बिगाड़े जो भक्त हो महाकाल का।” देश अब मोदी के नेतृत्व में नया इतिहास लिख रहा है।

उन्होंने जनता से आह्वान किया कि इस बार इतनी ताकत से बटन दबाना कि कीचड़ में भी कमल खिल उठे। कांग्रेस के समय में आतंकवाद देश के भीतर आता था, लेकिन आज मोदी सरकार में पाकिस्तान तक संदेश जाता है। उन्होंने कहा कि अब अगर एक भी आतंकी घटना होती है तो सेना घर में घुसकर जवाब देती है।

अंत में उन्होंने कहा कि बिहार की जनता समझदार है, उसे पता है कि विकास किसने किया और कौन सिर्फ बातें बनाता है। इसलिए इस बार फिर एनडीए की सरकार बनाइए और बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाइए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *