पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दोनों चरणों की वोटिंग पूरी हो चुकी है और अब सबकी निगाहें एग्जिट पोल के नतीजों पर टिक गई हैं। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को संपन्न हुआ था, जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी। मतदान खत्म होते ही कई एजेंसियों के एग्जिट पोल सामने आ चुके हैं, जिनमें एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले एनडीए को सरकार बनाते हुए दिखाया गया है।
सबसे पहले MATRIZE-आईएएनएस के एग्जिट पोल ने एनडीए के लिए बड़ी खुशखबरी दी है। सर्वे के मुताबिक एनडीए को 147 से 167 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि महागठबंधन को 70 से 90 सीटों तक सीमित बताया गया है। वहीं अन्य दलों के खाते में करीब 15 फीसदी वोट शेयर जाने की संभावना जताई गई है।
जेवीसी और पीपल्स इंसाइट के पोल ने भी एनडीए को बढ़त दी है। जेवीसी एग्जिट पोल के अनुसार एनडीए को 135 से 150 सीटें मिल सकती हैं, जबकि महागठबंधन को 88 से 103 सीटें मिलने का अनुमान है। पीपल्स इंसाइट ने एनडीए को 133 से 148 सीटें, महागठबंधन को 87 से 102 सीटें, जन सुराज को 0 से 2 और अन्य को 3 से 6 सीटें मिलने की भविष्यवाणी की है। इन अनुमानों से साफ है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए एक बार फिर सत्ता में लौट सकता है।
हालांकि अभी भी सभी की नजरें देश के दो सबसे भरोसेमंद सर्वे — एक्सिस माय इंडिया और टुडे चाणक्य — पर टिकी हैं, जो अपने एग्जिट पोल के नतीजे कल यानी 12 नवंबर को जारी करेंगे। इनके आंकड़े अक्सर वास्तविक परिणामों के बेहद करीब माने जाते हैं।
अगर 2020 की बात करें, तो उस चुनाव में एनडीए ने 125 सीटों के साथ सरकार बनाई थी। भाजपा को तब 74, जेडीयू को 43 और वीआईपी व हम को 4-4 सीटें मिली थीं। वहीं महागठबंधन ने 110 सीटें जीती थीं, जिसमें राजद 75 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी थी।
इस बार मतदान ने सबका ध्यान खींचा है। बिहार में रिकॉर्ड 67.14% वोटिंग हुई है। किशनगंज, कटिहार और पूर्णिया जैसे जिलों में 70% से अधिक मतदान दर्ज किया गया। इस भारी मतदान ने उत्सुकता और बढ़ा दी है — क्या जनता ने बदलाव के लिए वोट किया है या फिर स्थिरता के लिए?
इधर भाजपा नेता अश्विनी चौबे ने दावा किया है कि एनडीए 180 से ज्यादा सीटें जीतेगा, वहीं तेजस्वी यादव ने कहा कि “बिहार ने कमाल कर दिया है, जनता ने बदलाव के लिए वोट किया है।” अब सबकी निगाहें 14 नवंबर पर हैं — जिस दिन तय होगा कि बिहार में फिर एनडीए की वापसी होगी या महागठबंधन मारेगा बाज़ी।

