बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान में लखीसराय की धरती पर आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जबरदस्त हुंकार भरी। विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि बिहार में अब जंगलराज और गुंडाराज की वापसी नहीं होने दी जाएगी। एनडीए ही सुशासन और विकास की गारंटी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास और सुशासन की नई मिसाल कायम की है।
एनडीए प्रत्याशी और बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के समर्थन में बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह चुनाव सुशासन बनाम जंगलराज का है। एक ओर एनडीए है जो विकास और स्थायित्व की पहचान है, वहीं दूसरी ओर राजद और कांग्रेस हैं जिनकी पहचान सिर्फ लूट, भ्रष्टाचार और गुंडाराज से है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने बिहार को लूटा, जो खानदानी लुटेरे हैं, वे आज फिर से जंगलराज लाने की साजिश रच रहे हैं।
योगी ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में बिहार आज विकास के पथ पर अग्रसर है। सड़क, रेल, एयरपोर्ट और वॉटरवे – हर क्षेत्र में बिहार ने पिछले दो दशकों में जबरदस्त प्रगति की है। अब बिहार के मखाने और सब्ज़ियां दुनिया के बाजारों में अपनी पहचान बना रहे हैं। किसान और व्यापारी दोनों आत्मनिर्भर बन रहे हैं, और बिहार “विकसित भारत” की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है।
योगी ने 1990 से 2005 तक के दौर को बिहार के इतिहास का सबसे काला अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि उस वक्त वंशवाद और परिवारवाद ने बिहार को पीछे धकेल दिया था। लूट, अपहरण और भय का माहौल था। गरीब और नौजवान ठगे गए। लेकिन अब एनडीए सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है, बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित की है और युवाओं को रोजगार के अवसर दिए हैं।
अयोध्या से सीतामढ़ी तक की धार्मिक एकता पर बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब अयोध्या में भगवान राम का मंदिर और सीतामढ़ी में माता जानकी का मंदिर दोनों बन रहे हैं। उन्होंने बताया कि 6,155 करोड़ रुपये की लागत से अयोध्या से सीतामढ़ी तक फोरलेन सड़क बनाई जा रही है — यह काम राजद और कांग्रेस के बस की बात नहीं थी।
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबों के जीवन में नई रोशनी लाई है। 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 50 करोड़ को स्वास्थ्य बीमा, 12 करोड़ घरों में शौचालय, 4 करोड़ घरों में आवास, 3 करोड़ घरों में बिजली कनेक्शन और 12 करोड़ बहनों को मुफ्त गैस कनेक्शन देकर केंद्र सरकार ने भारत में “रामराज्य” की झलक दिखाई है।
भाषण के अंत में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिहार में अब विकास रुकेगा नहीं। जिन्होंने कभी चारा घोटाला किया, जातीय हिंसा फैलाई और गरीबों के हक पर डाका डाला, उन्हें जनता पहचान चुकी है। अब बिहार एलईडी की दूधिया रोशनी में जगमगा रहा है — लालटेन के अंधेरे का दौर खत्म हो चुका है।

