जन्मदिन का जश्न पड़ा भारी, थाना प्रभारी सस्पेंड, आरोपी के कंधे पर बैठे आए थे नजर

 मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में एक थाना प्रभारी को जन्मदिन का जश्न मनाना महंगा पड़ गया। मुरैना एसपी समीर सौरभ ने जौरा थाना प्रभारी दर्शन शुक्ला को सस्पेंड कर दिया है।

दरअसल जौरा थाने में टीआई के जन्मदिन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस वीडियो में टीआई कथित बाइक चोरी के आरोपी के कंधों पर बैठे नजर आ रहे थे। थाना परिसर में केक काटा गया, ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया गया और पूरे घटनाक्रम ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए। बताया जा रहा है कि जिस युवक के कंधे पर टीआई बैठे दिखे, उस पर पहले से ही बाइक चोरी के मामले दर्ज हैं।

वीडियो सामने आते ही मामला तूल पकड़ गया। इसके बाद एसपी समीर सौरभ ने कार्रवाई करते हुए टीआई को निलंबित कर दिया और पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए। अब अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डाबर इस प्रकरण की जांच करेंगे।

फिलहाल इस घटना ने जिले में पुलिस की छवि और अनुशासन को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *