इंदौर। शहर के रालामंडल बायपास पर हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। इस दर्दनाक हादसे में पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा बच्चन और कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे प्रखर कासलीवाल की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि प्रखर का एक दिन पहले जन्मदिन था और जन्मदिन की पार्टी मनाने के लिए सभी दोस्त घर से निकले थे। कनाडिया बायपास स्थित कोको फार्म पर पार्टी आयोजित की गई थी, जहां से लौटते वक्त यह हादसा हो गया।
रालामंडल से विजय नगर की ओर जाते समय तेज रफ्तार वाहन हादसे का शिकार हो गया, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीसरे मृतक की पहचान मानसिमरन संधू के रूप में हुई है। वहीं इस दुर्घटना में एक अन्य युवती अनुष्का गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
जैसे ही पूर्व गृह मंत्री की बेटी और कांग्रेस प्रवक्ता के बेटे की मौत की खबर फैली, एमवाय अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई। अस्पताल परिसर में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जन्मदिन की खुशियां एक ही पल में मातम में बदल गईं और यह हादसा पूरे शहर के लिए गहरे सदमे की वजह बन गया।

